सिरसा में एक एकड़ में बनेगा महिला आश्रम
निराश्रित महिलाओं को जल्द ही छत मिलेगी। इसको लेकर सिरसा सहित प्रदेश में तीन महिला आश्रम बनाए जाएंगे। सिरसा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सैक्टर 19 में करीब एक एकड़ में महिला आश्रम बनाया जाएगा। जगह चयन करने के बाद अब इसका एस्टीमेट बनाया जाएगा और उसके डिजाइन तैयार होगा। इसी साल इस आश्रम के निर्माण के शुरू होने की उम्मीद हे। इजीवन में कठिन दौर से गुजर रही महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये एक ही छत के नीचे उनके आश्रय, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और आत्मनिर्भर बनने का प्रबंध करने के मकसद से प्रदेश में तीन महिला आश्रम स्थापित किये जाएंगे, जिसमें प्रत्येक महिला आश्रम में 50 पात्र महिलाओं को रखने की व्यवस्था होगी।
दरअसल सरकार अब वृद्धाश्रमों की तर्ज पर प्रदेशभर में महिला आश्रम खोलने की पहल कर रही है। सिरसा, रेवाड़ी और नारनौल में महिला आश्रम बनाए जाएंगे। महिला आश्रम रेवाड़ी की जमीन के लिए 7 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि, महिला आश्रम सिरसा की जमीन के लिए 5 करोड़ 66 लाख रुपए की राशि के लिये हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है, वहीं महिला आश्रम नारनौल की जगह के लिए विभाग की संयुक्त कमेटी दौरा कर चुकी है।
निर्माण में तेजी लाने के दिए आदेश
इस सिलसिले में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने हरियाणा सचिवालय अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने प्रदेश के रेवाड़ी, सिरसा व नारनौल में स्थापित होने वाले इन महिला आश्रमों की जमीन चिह्नित करने से लेकर उनके निर्माण संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी विभाग के अधिकारियों को दे दिए गए।