भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर क्या बोले रातुसरिया
वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने एक प्रेस बयान में कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने तीन दिवसीय सदस्यता अभियान की शुरूआत कर दी है। जारी बयान में रातुसरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्राथमिक सदस्यता का नवीनीकरण कर अभियान का शुभारंभ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से आरंभ हुआ भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान प्रदेश के हर गांव, हर गली, हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचेगा और सभी को विकसित भारत-विकसित हरियाणा के संकल्प से जोड़ेगा। रातुसरिया ने कहा कि हर 6 वर्ष के बाद भाजपा का सदस्यता अभियान चलता है और सभी सदस्य अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विश्व के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर अभियान की शुरूआत की थी। सदस्यता अभियान पूरे देश में चल रहा है और अब तक 10 करोड़ से भी अधिक सदस्य बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के हित में नई-नई योजनाएं चलाई, गरीब व्यक्ति को मजबूत किया। पीएम मोदी ने पिछले 10 वर्षों में भारत को सशक्त किया। इसी का परिणाम है कि जनता में भाजपा के प्रति प्रेम बढ़ा है और लोग भाजपा से जुडक़र गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
रातुसरिया ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में 50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग सदस्यता अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे और 50 लाख से अधिक लोग भाजपा से जुड़ेंगे।