पंजाब और हरियाणा में तापमान नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। पंजाब में तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री ऊपर है, जबकि चंडीगढ़ में यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। इसके कारण ठंड का असली एहसास फिलहाल नहीं हो रहा है। दूसरी ओर, पश्चिमी हिमालय में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (WD) सक्रिय हुआ है, लेकिन पंजाब में इसकी सीधी मार नहीं पड़ेगी। हालांकि, इससे कुछ जिलों में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। इसके चलते स्थानीय यातायात पर असर पड़ा है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन अमृतसर से पुणे जा रही फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। धुएं और कोहरे के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सेक्टर 22 में AQI 405, सेक्टर 25 में 339 और सेक्टर 53 में 390 दर्ज किया गया है। यह प्रदूषण स्तर खतरनाक है और स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, धुएं और कोहरे के मिलावट से चंडीगढ़ में हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्राओं से बचें।
हरियाणा में बादल और बारिश की संभावना, अगले सप्ताह हल्की बारिश का अनुमान
हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में बादल छा गए हैं, और मौसम विभाग ने 15 व 16 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश में मौसम बदल सकता है। हालांकि, यह असर पहाड़ों के ऊंचे क्षेत्रों में अधिक दिखेगा, लेकिन हरियाणा के निचले हिस्सों में भी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।